दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। शहर की शताब्दीपुरम कॉलोनी में पालतू कुत्तों के हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है। स्कूल से घर लौट रहे एक मासूम बच्चे पर करीब 12 पालतू कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए बच्चा डरते-डरते भागा और किसी तरह घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। यह पूरी घटना कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
7 जनवरी दोपहर की घटना, डी-ब्लॉक में मचा हड़कंप
यह घटना 7 जनवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे शताब्दीपुरम कॉलोनी के डी-ब्लॉक की है। जानकारी के अनुसार कॉलोनी निवासी नरेंद्र भारद्वाज का बेटा स्कूल से लौट रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाली एक महिला द्वारा पाले गए कुत्तों ने उसे घेर लिया और दौड़ा लिया। बच्चे की चीख-पुकार से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
शिकायत पर बढ़ा विवाद, मामला थाने तक पहुंचा
घटना के बाद बच्चे के परिजन जब कुत्तों की देखरेख करने वाली महिला से शिकायत करने पहुंचे तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने महाराजपुरा थाने पहुंचे।
पुलिस जांच के बाद थाने में हुआ समझौता
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की और दोनों पक्षों से बातचीत की। जांच के बाद थाने में ही आपसी सहमति से समझौता हो गया। दोनों पक्षों ने आगे किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला लिया।
नगर निगम के निर्देश बेअसर, सुरक्षा पर सवाल
शहर में कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए नगर निगम पहले ही पालतू कुत्तों के रजिस्ट्रेशन के निर्देश जारी कर चुका है। बावजूद इसके ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी पालतू और आवारा कुत्तों के हमलों में कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
