MP News: सागर में नग्न अवस्था में भागते महिला-युवक का वीडियो वायरल, दुष्कर्म आरोपी की संदिग्ध मौत के बाद चक्काजाम

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में महिला और युवक के नग्न अवस्था में सड़क पर भागते हुए दो वीडियो सामने आए हैं। ये वीडियो शुक्रवार को वायरल हुए, जिन्हें महिला के बेटे के दोस्त पर दर्ज दुष्कर्म के प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल वीडियो और मामले के सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी बताई है।

जानकारी के मुताबिक 11 जनवरी की रात महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। पीड़िता ने 12 जनवरी को मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया कि उसके बेटे का दोस्त हीरालाल देर रात घर में घुसा और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया।

संदिग्ध हालात में मिला आरोपी का शव


कुछ समय बाद आरोपी का शव बांदरी थाना क्षेत्र के एक खेत में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर मर्ग कायम किया। इसके बाद शुक्रवार को आरोपी के परिजनों ने मोतीनगर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम किया और दुष्कर्म का मामला झूठा बताते हुए युवक की मौत के लिए इसी केस को जिम्मेदार ठहराया।

वीडियो की जांच में जुटी पुलिस


सामने आए दो वीडियो में से एक सीसीटीवी फुटेज बताया जा रहा है, जिसमें महिला नग्न अवस्था में घर से बाहर भागती दिख रही है और उसके पीछे एक युवक अर्धनग्न हालत में हाथ में जूते लिए दूसरी दिशा में भागता नजर आता है। दूसरे वीडियो में महिला अकेली नग्न अवस्था में सड़क पर चलते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की प्रामाणिकता और घटनाक्रम से इनके संबंध की जांच की जा रही है।

एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने बताया कि महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज था और आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने आत्महत्या कर ली। बांदरी थाने में मर्ग कायम है। पूरे प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनसे प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की पुष्टि होती है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post