Jabalpur News: पत्नी की हत्या का आरोपी जबलपुर से गिरफ्तार, मैहर के सगमनिया में 5 माह पहले चाकू मारकर की थी हत्या

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
मैहर कोतवाली पुलिस ने पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी को पांच महीने की कड़ी मशक्कत के बाद जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार सुबह न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी टीआई अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि सगमनिया निवासी 35 वर्षीय अर्चना दुबे का विवाह लगभग 14 वर्ष पूर्व नरसिंहपुर जिले के दासगंज-गोटेगांव निवासी 39 वर्षीय केशव प्रसाद दुबे उर्फ भइयाजी से हुआ था। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें 13 व 10 वर्ष की दो बेटियां और 8 वर्षीय एक बेटा शामिल है। आरोपी की नशे की आदत और घरेलू विवाद से परेशान होकर अर्चना दुबे घटना से करीब चार माह पहले अपने बच्चों के साथ मायके सगमनिया आकर रहने लगी थी।

पुलिस के अनुसार घटना 21 सितंबर 2025 की रात की है। आरोपी केशव दुबे अचानक अपनी ससुराल पहुंचा और रात का भोजन करने के बाद कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान उसने तीनों बच्चों को बाहर भेजकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद आरोपी ने पहले पत्नी के साथ लाठी से मारपीट की और फिर उसके गले पर चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अर्चना दुबे को तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर उसे सतना रेफर किया। लेकिन रास्ते में ही अर्चना ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। पुलिस टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान 30 जनवरी की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

Post a Comment

Previous Post Next Post