Jabalpur News: ड्यूटी के दौरान आरक्षक की तबीयत बिगड़ने से मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
थाना सिविल लाइन पुलिस को आज सुबह विक्टोरिया अस्पताल से एक आरक्षक की मृत्यु की सूचना मिली। जानकारी के अनुसार मृतक आरक्षक कमोदर सिंह बागरी (48 वर्ष) एसएफ बटालियन के रक्षित केंद्र जबलपुर में डॉग स्क्वाड में पदस्थ थे।

मृतक के बड़े भाई सुग्रीव प्रसाद बागरी (58 वर्ष), निवासी सुहागी अधारताल ने पुलिस को बताया कि आज सुबह करीब 8:30 बजे ड्यूटी के दौरान कमोदर सिंह डॉग को तैयार कर ग्राउंड में टहला रहे थे। इसी दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

बताया गया है कि मृतक आरक्षक पुलिस लाइन कैंटीन के सामने निवासरत थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post