Jabalpur News: एकलव्य स्कूल की पूर्व स्टाफ नर्स ने पिया फिनाइल, स्कूल प्रशासन पर लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित एकलव्य विद्यालय रामपुर की पूर्व स्टाफ नर्स जागृति इनवाती ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना से पहले जागृति इनवाती ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने स्कूल प्रशासन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उन्होंने बताया कि वह एकलव्य विद्यालय में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं और प्रशासन द्वारा लगातार परेशान किए जाने से मानसिक दबाव में थीं।

जागृति का आरोप है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की थी, लेकिन शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। शनिवार को जब वह स्कूल पहुंचीं, तो उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया, जिससे वह आहत हो गईं।

गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि जागृति इनवाती को कुछ दिन पहले नौकरी से हटा दिया गया था। साथ ही स्कूल द्वारा उपलब्ध कराए गए क्वार्टर को खाली करने का नोटिस भी उन्हें दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार, वीडियो में जागृति पिछले चार माह के बकाया वेतन की मांग करती नजर आ रही हैं और भुगतान के बाद स्कूल छोड़ने की बात कह रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post