दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार नवीन पटेल (उम्र 26 वर्ष), निवासी जियो टावर के पास कठोरा ने थाना माढ़ोताल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह खेती-किसानी करता है। बीती शाम करीब 5:30 बजे वह अपने खेत से मोटरसाइकिल से प्रताप मार्केट, दमोहनाका पानी की मोटर लेने जा रहा था। जैसे ही वह प्रभात नगर बस्ती स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंचा, वहां राहुल, राजा एवं आशीष ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए 1500 रुपये की मांग करने लगे।
नवीन द्वारा पैसे देने से मना करने पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राजा ने ईंट से हमला कर उसके कान के पास चोट पहुंचाई, वहीं राहुल और आशीष ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके माथे, नाक और आंख के पास चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया तो तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट पर धारा 126(2), 119(1), 296(ए), 115(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
Tags
jabalpur
