दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिवपुरी। शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में शनिवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान काटे गए चालान को लेकर बड़ा विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात आरक्षक अवधेश शर्मा के साथ मारपीट की, उसकी वर्दी फाड़ दी और पत्थर मारकर सिर में चोट पहुंचाई। घायल आरक्षक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, म्याना क्षेत्र निवासी मनोज जाटव अपनी कार से गुजर रहे थे। कार में उनकी गर्भवती पत्नी और अन्य परिजन सवार थे। पुलिस ने सीट बेल्ट और दस्तावेजों की जांच के बाद चालान काटा। इसी दौरान मनोज का साला निलेश जाटव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और चालान का विरोध करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
आरक्षक को घेरकर की मारपीट
आरोप है कि महिला-पुरुषों की भीड़ ने आरक्षक अवधेश शर्मा को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। पत्थर लगने से आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मारपीट होती दिखाई दे रही है।
थाने का घेराव, देर रात तक धरना
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने के सामने चक्काजाम और घेराव कर दिया। रात करीब 11 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस की। धरना रात ढाई बजे तक चलता रहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष का आरोप
धरने के दौरान जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने थाना प्रभारी और एसडीओपी पर सवाल उठाते हुए कहा कि अत्यधिक चालानी कार्रवाई से जनता नाराज है। उन्होंने थाना प्रभारी को तत्काल सस्पेंड करने और दोषी आरक्षकों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
थाना प्रभारी ने आरोपों को किया खारिज
रन्नौद थाना प्रभारी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यदि उनकी एक प्रतिशत भी गलती साबित होती है तो वे इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की बात कही।
गर्भवती महिला से मारपीट का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मारपीट से एक गर्भवती महिला और बच्चे को चोट आई है। हालांकि, बाद में सामने आए एक अन्य वीडियो में महिला बच्चे के साथ सामान्य स्थिति में दिखाई दी।
ASP के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। देर रात एडिशनल एसपी संजीव मुले मौके पर पहुंचे और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इसके बाद रात 2:30 बजे धरना समाप्त हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों की एमएलसी कराई गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
