हैंडशेक विवाद पर गरमाया माहौल, भारत-पाक मुकाबले से पहले कप्तानों के बयान चर्चा में

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले कोलंबो में दोनों टीमों के कप्तानों के बयान ने मुकाबले का रोमांच और बढ़ा दिया है। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसका जवाब उनकी टीम मैदान पर प्रदर्शन से देगी। वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इस मुद्दे पर संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 24 घंटे इंतजार कीजिए, सब पता चल जाएगा।

यह विवाद पिछले साल एशिया कप 2025 से जुड़ा है, जब भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। उस समय सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट किया था कि यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों के सम्मान और भारतीय सेना के समर्थन में लिया गया था। इस फैसले को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश के प्रति एकजुटता के रूप में देखा गया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान अली आगा ने कहा कि भारत-पाक मैच हमेशा खास होता है और इसे खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है, लेकिन इस बार टीम बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्टार बल्लेबाज बाबर आजम पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी फॉर्म चिंता का विषय नहीं है और वे टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।

पाकिस्तानी कप्तान ने मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर उठे सवालों को भी खारिज किया और बताया कि उनका एक्शन दो बार आईसीसी से क्लियर हो चुका है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे भारत की सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं और उम्मीद जताई कि भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा फिट होकर मैच में खेलेंगे।

वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी हल्के अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो अभिषेक शर्मा जरूर खेलेंगे। दोनों कप्तानों के इन बयानों ने मुकाबले से पहले माहौल को और रोमांचक बना दिया है। अब सभी की नजरें रविवार को कोलंबो में होने वाले इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post