दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत भटोली रेलवे लाइन के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच शुरू करते हुए मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र उर्फ छोटू साहू (26), निवासी सिलुआ देवरी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि छोटू शुक्रवार सुबह बिना किसी को बताए घर से निकला था, लेकिन देर शाम उन्हें सूचना मिली कि उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी हुई है।
परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने महेंद्र की हत्या कर शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मौके की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Tags
jabalpur

