दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। वेलेंटाइन-डे के अवसर पर शहर में युवाओं ने अपने मित्रों और प्रियजनों को गिफ्ट, ग्रीटिंग कार्ड और गुलाब भेंट कर प्रेम का इजहार किया। हालांकि, बीते वर्षों की तुलना में इस बार सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रेमी जोड़े कम नजर आए। खास बात यह रही कि इस वर्ष वेलेंटाइन-डे का शहर में कहीं भी विरोध देखने को नहीं मिला और दिनभर स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।
पुलिस की सतर्कता, चिन्हित स्थानों पर रही पेट्रोलिंग
वेलेंटाइन-डे के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त करती रहीं। चिन्हित लवर्स प्वाइंट, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। सामाजिक संगठनों की सक्रियता के कारण कई युवा सार्वजनिक स्थानों पर प्रेम का इजहार करने से बचते नजर आए। हालांकि, पूरे दिन कहीं से भी छेड़छाड़ या जबरदस्ती की कोई शिकायत सामने नहीं आई, जिससे पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
उपयोगी गिफ्ट देने का बढ़ा क्रेज
इस बार युवाओं में पारंपरिक ग्रीटिंग कार्ड और गुलाब के साथ-साथ उपयोगी गिफ्ट देने का चलन अधिक देखने को मिला। बाजारों में बैंड, परफ्यूम, की-रिंग, घड़ी और अन्य उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी ज्यादा हुई। युवा दुकानों में अपनी पसंद के गिफ्ट खरीदते नजर आए, जिससे गिफ्ट शॉप और अन्य दुकानों में अच्छी खासी चहल-पहल रही।
लाल गुलाब की सबसे अधिक मांग
फूल व्यापारियों के अनुसार, इस वर्ष लाल गुलाब की सबसे अधिक मांग रही। इसके साथ ही सफेद गुलाब भी युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहे। लाल गुलाब 50 से 60 रुपए प्रति नग और सफेद गुलाब 40 से 50 रुपए प्रति नग तक बिका। वहीं, परफ्यूम युक्त फूलों से सजे बुके 150 रुपए से लेकर 500 रुपए तक में बिके।
भेड़ाघाट, बरगी और डुमना में दिखी युवाओं की मौजूदगी
शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचने के लिए कई युवा भेड़ाघाट, बरगी, डुमना नेचर पार्क और आसपास के शांत स्थानों पर पहुंचे। न्यू भेड़ाघाट, बरगी बांध और डुमना मार्ग पर युवाओं की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में अधिक देखी गई।
पुलिस की निगरानी और सामाजिक संगठनों की सक्रियता के बावजूद पूरे शहर में वेलेंटाइन-डे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
Tags
jabalpur


