दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार दो दिन की तेजी के बाद गुरुवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। वायदा बाजार (MCX) में चांदी की कीमत करीब ₹26 हजार यानी 9.50% गिरकर ₹2.43 लाख प्रति किलो पर आ गई। वहीं सोने का भाव भी करीब ₹2 हजार घटकर ₹1.51 लाख प्रति 10 ग्राम रह गया।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सर्राफा बाजार में भी चांदी ₹28,123 गिरकर ₹2,54,339 प्रति किलो पर पहुंच गई है। वहीं 24 कैरेट सोना ₹4,123 की गिरावट के साथ ₹1,52,502 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी चांदी ₹1.60 लाख और सोना ₹26 हजार तक सस्ता हुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार, सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की मुख्य वजह प्रॉफिट बुकिंग और फिजिकल डिमांड में कमी है। हाल के दिनों में कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी, जिससे बाजार में बिकवाली बढ़ी और दाम नीचे आ गए।
इसके अलावा शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) द्वारा सोने और चांदी पर मार्जिन मनी बढ़ाने से भी कीमतों पर दबाव पड़ा है। सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी पर 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स को ज्यादा पैसा जमा करना पड़ता है, जिससे कई निवेशक अपनी पोजिशन बेचने लगते हैं और कीमतों में गिरावट आती है।
MCX और सर्राफा बाजार के दाम अलग-अलग होते हैं क्योंकि MCX एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है, जहां कीमतें हर सेकंड बदलती रहती हैं। वहीं सर्राफा बाजार में फिजिकल सोना-चांदी खरीदी जाती है, जिसमें ट्रांसपोर्ट और स्टोरेज का खर्च भी शामिल होता है।
विशेषज्ञों ने सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड गोल्ड खरीदने और कीमत को विश्वसनीय स्रोत से जांचने की सलाह दी है। वहीं असली चांदी की पहचान के लिए मैग्नेट टेस्ट, आइस टेस्ट, स्मेल टेस्ट और कपड़े से रगड़ने जैसे आसान तरीकों का उपयोग किया जा सकता है।
Tags
national
