दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कॉलेज छात्रों के साथ लूट और मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। गोहलपुर थाना क्षेत्र में चार अज्ञात बदमाशों ने एक छात्र और उसके दोस्त को घेरकर न केवल मारपीट की, बल्कि उन्हें कार में बंधक बनाकर करीब ढाई घंटे तक घुमाते हुए डराया-धमकाया और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोहलपुर थाना में लक्ष्य झा (उम्र 20 वर्ष), निवासी बाई का बगीचा घमापुर ने रविवार 8 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई। लक्ष्य झा महाकौशल कॉलेज में पढ़ाई करता है। उसने बताया कि 7 फरवरी की रात वह अपने दोस्त अभिनव श्रीवास्तव के साथ लेबर चौक स्थित नागेंद्र होटल में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी मनाने गया था। देर रात करीब 2:30 बजे दोनों अपनी क्रेटा कार (क्रमांक MP 04 CR 1566) से दीनदयाल चौक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान चण्डालभाटा रोड पर लक्ष्य झा ने कार को सड़क से लगभग 50 मीटर अंदर रोक दिया। वह कार के अंदर ही बैठा रहा, जबकि उसका दोस्त अभिनव श्रीवास्तव निस्तार के लिए कार से नीचे उतरा। तभी अचानक मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और दोनों को घेर लिया। बदमाशों ने कार की चाबी छीन ली और दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने अभिनव श्रीवास्तव के गले पर चाकू अड़ाकर उससे 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे नहीं होने पर आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल और स्कूटी वहीं छोड़ दी और दोनों को उनकी ही कार में बंधक बनाकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी करीब ढाई घंटे तक शहर में इधर-उधर घुमाते रहे और लगातार हाथ, मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट करते रहे।
इस दौरान आरोपियों ने दोनों को धमकाते हुए जबरन लक्ष्य झा से ऑनलाइन सुपर मनी एप के माध्यम से 20 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने लक्ष्य झा के हाथ में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली। मारपीट के कारण लक्ष्य झा के सिर, चेहरे, गले और कमर में चोटें आईं, जबकि अभिनव श्रीवास्तव के सिर, गले और चेहरे पर भी चोटें आई हैं।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी सुबह करीब 5 बजे उन्हें चण्डालभाटा क्षेत्र में छोड़कर चले गए और कुछ दूरी तक उनके पीछे-पीछे कमानिया गेट तक आते रहे। चारों आरोपियों की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। आरोपियों के पास एक लाइट ग्रे रंग की आर-15 मोटरसाइकिल और डार्क ब्लू रंग की स्कूटी थी।
गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) और 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur
