दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के व्यस्त ज्योति टॉकीज तिराहे पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक सफेद फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत होने की खबर सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे देशबंधु कॉम्प्लेक्स और देशबंधु प्रेस के सामने से एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार (क्रमांक MP20CL0057) तेज गति से गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। इसी दौरान कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए लगभग 18 वर्षीय बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। प्रत्यक्षदर्शी विजय रजक के अनुसार, टक्कर के बाद युवक के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और वह मौके पर ही बेहोश हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
घटना के करीब 10 मिनट बाद ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक की हालत बेहद गंभीर थी और आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार चालक तेज गति से वाहन चला रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
.jpeg)
