दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गढ़ा क्षेत्र में सुविधा मार्केट के सामने एक रेलवे इंजीनियर पर दो अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। घायल को उपचार हेतु सुविधा अस्पताल, छोटी लाइन में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल कुनाल कुमार (35 वर्ष), निवासी मदर डेयरी के पास शक्तिनगर, रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि बीती शाम लगभग 7:50 बजे वे कार्यालय से घर लौट रहे थे। रास्ते में सुविधा मार्केट के सामने सब्जी मंडी से सब्जी खरीदने के बाद जब वे अपनी स्कूटी क्रमांक एमपी 20 एसपी 5073 के पास पहुंचे और स्कूटी में सब्जी रखकर उसे उठाने लगे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां आए।
दोनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की। जब कुनाल कुमार ने रुपये देने से मना किया, तो मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी जांघ और बाएं हाथ की उंगली के पास चोट आई। हमले के बाद वे अपनी स्कूटी छोड़कर वहां से भागे, जिस पर दोनों आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रिपोर्ट दर्ज की। दोनों आरोपियों की उम्र लगभग 20 से 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने मामला धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur
