Jabalpur News: 3 नकबजनी और 2 वाहन चोरी का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख का माल जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोहलपुर पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, एक एक्सिस (स्कूटर) और एक ई-रिक्शा सहित करीब 8 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।

सूने मकान से जेवर चोरी का खुलासा

6 फरवरी 2026 को परवेज आलम निवासी सिरसा तले ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमन नगर में दबिश देकर आरोपी मोहम्मद अहफाज (30) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

एक्सिस वाहन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


3 फरवरी 2026 को सागर केवट ने रूद्राक्ष बार के सामने खड़ी अपनी एक्सिस वाहन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आनंद नगर क्षेत्र से आरोपी मनु सिंह (55) को चोरी की एक्सिस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

ई-रिक्शा चोरी करने वाले दो आरोपी पकड़े गए


28 जनवरी 2026 को शेख तौसीब ने मनमोहन नगर अस्पताल के सामने खड़ा अपना ई-रिक्शा चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने लेमा गार्डन क्षेत्र से आरोपी आरिफ अली (35) और सुल्तान खान (21) को चोरी किए गए ई-रिक्शा के साथ गिरफ्तार किया।

पुराने नकबजनी मामलों में भी सफलता

पुलिस ने सितंबर और नवंबर 2025 में दर्ज दो नकबजनी मामलों में भी कार्रवाई करते हुए आरोपी कालू अलावा (37) और संतोष अनारे उर्फ भाया (35) को जिला धार से गिरफ्तार किया। संतोष अनारे पूर्व में थाना बरगी के एक मामले में भी फरार चल रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post