दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश शिब्बू खान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली जैसे गंभीर मामलों में लिप्त आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे उसी इलाके में जुलूस के रूप में ले जाकर जनता के सामने पेश किया, जहां उसने लंबे समय से दहशत फैला रखी थी। इस दौरान स्थानीय महिलाओं और बच्चों ने “शिब्बू खान मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
फायरिंग कर मांगी थी 20 हजार की रंगदारी
जानकारी के अनुसार 2 और 3 फरवरी को शिब्बू खान ने अपने साथी अतुल साहू के साथ मिलकर छुईखदान निवासी लालू पटेल से 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने पिस्टल से फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद से ही गढ़ा थाना पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
लम्हेटाघाट से पुलिस ने दबोचा
गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि शिब्बू खान लम्हेटाघाट क्षेत्र में एक्टिवा से भेड़ाघाट की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान भागने की कोशिश में आरोपी गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद इलाके में निकाला गया जुलूस
शनिवार को पुलिस ने शिब्बू खान और उसके साथी को छुईखदान क्षेत्र में ले जाकर जुलूस निकाला। इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए। स्थानीय निवासी शालिनी पटेल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से पूरे मोहल्ले में राहत और खुशी का माहौल है।
महिलाओं ने कहा— जेल से बाहर नहीं आना चाहिए
स्थानीय महिलाओं ने कहा कि शिब्बू खान के डर से वे घर से बाहर निकलने में डरती थीं और बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित हो रहा था। उन्होंने मांग की कि आरोपी किसी भी कीमत पर जेल से बाहर नहीं आना चाहिए, ताकि क्षेत्र में फिर से शांति बनी रहे।
पुलिस का संदेश— अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा
सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि आरोपी को पहले भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद उसने दोबारा अपराध किया। उन्होंने कहा कि जनता के मन से अपराधियों का डर खत्म करने के लिए आरोपियों को उसी क्षेत्र में ले जाया गया, जहां वे अपराध करते थे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags
jabalpur
