दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। चार हथियारबंद बदमाशों ने 67 वर्षीय बुजुुर्ग को सरेराह लाठी, लोहे की रॉड और लात-घूंसों से तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। वारदात के दौरान सड़क से गुजर रहे लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने भी पीड़ित को बचाने की कोशिश नहीं की।
यह घटना 18 फरवरी को गोल बाजार क्षेत्र के पास हुई, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया। घायल बुजुर्ग की पहचान राजाराम विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो अस्पताल में फर्नीचर बनाने का काम करते हैं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लार्डगंज थाना पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले राजाराम के बेटे संदीप विश्वकर्मा का आरोपियों से विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने के लिए बदमाशों ने बेटे की जगह पिता को निशाना बनाया।
18 फरवरी की शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर राजाराम के मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने ठेला बनवाने और एडवांस देने की बात कही। जैसे ही राजाराम अस्पताल से बाहर पहुंचे, शुभम जायसवाल अपने साथियों शनि रजक, विकास रजक और महेंद्र पटेल के साथ वहां पहुंचा और उन्हें घेरकर बेरहमी से पीटने लगा। इसके बाद चारों आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले संदीप ने पड़ोस में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को टोका था, जिस पर विवाद हुआ। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। 14 जनवरी को संदीप के घर के बाहर बम फोड़े गए और गाली-गलौज भी की गई थी। पड़ोसियों के इकट्ठा होने पर आरोपी भाग निकले थे।
डॉक्टरों ने जांच में बताया कि राजाराम के दोनों हाथ, पैर और गले में फ्रैक्चर है। शरीर के अंदरूनी हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। सीएसपी रितेश कुमार शिव ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur

