दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना पाटन की चौकी नुनसर अंतर्गत ग्राम सिमरिया में मिली युवती की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश उर्फ ईशु गौंड (22) निवासी शाहनाला तिलवारा, पंकज बर्मन (21) निवासी घाना तिलवारा तथा अंकित श्रीवास उर्फ राजा (24) निवासी अंबेडकर चौक परसवाड़ा शामिल हैं, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना 15 फरवरी 2026 की है, जब एम.एम. इंटरनेशनल स्कूल के पीछे कच्ची सड़क पर एक किशोरी का शव मिलने की सूचना पर थाना पाटन पुलिस मौके पर पहुंची। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और पास में काफी खून फैला हुआ था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान के प्रयास किए गए। बाद में परिजनों द्वारा शव की पहचान गढ़ा क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय तनु चक्रवर्ती के रूप में की गई।
मृतिका की पहचान होने के बाद परिजनों ने योगेश उर्फ ईशु पर संदेह जताया और बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था तथा तनु उससे शादी करना चाहती थी। पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी योगेश ने बताया कि वह शादी नहीं करना चाहता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 14 फरवरी को तनु को मिलने बुलाया और एम.एम. स्कूल के पास ले जाकर पहले गला दबाया, फिर पत्थर से सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।अंधी हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह राजपूत, तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा, सिविल लाइन थाना प्रभारी अनूप नामदेव, नुनसर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विपिन तिवारी , थाना पाटन से उप निरीक्षक आकाश दीप साहू, उप निरीक्षक जितेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक राममिलन, रूपेश, आरक्षक धनंजय, अऩुराग, दिनेश विश्वकर्मा, दिनेश मीना, राघवेन्द्र , राजा तथा थाना तिलवारा के उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्रधान आरक्षक सतीश शुक्ला, जयशंकर , आरक्षक राजेश गुप्ता, एवं थाना सिविल लाइन से प्रधान आरक्षक प्रदीप गुप्ता, रामसहाय, आरक्षक सुनील पारधी, सायबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह मरावी व अन्य की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur




