दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बुधवार तड़के लगभग 3:50 बजे मांडवा बस्ती में 8 से 10 हथियारबंद युवकों ने एक घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने सुबह रामपुर चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा।
विवाद की शुरुआत बाइक टकराने से
पीड़ित इब्राहिम शाह ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनके छोटे भाई मोनू का बाइक हादसा हुआ था। रास्ते में करन के पिता से टक्कर होने से उनका चेहरा घायल हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसे आसपास के लोगों ने शांत कराया। रात को करन अपने पिता के साथ रामपुर चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
जोगनी मंदिर के पास दोबारा हमला
इब्राहिम और मोनू अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ जोगनी मंदिर गए थे, तभी करन और उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई और महिला घायल हुए।
तड़के घर पर तोड़फोड़ और फायरिंग
रात करीब 3:45 बजे आरोपित युवक बेसबॉल बैट और अन्य हथियार लेकर इब्राहिम के घर पहुंचे। उन्होंने लगभग 10 मिनट तक घर के दरवाजे तोड़े और बिल्डिंग की लाइट बंद कर दी। शोर सुनकर लोग बाहर निकले, तो हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपा। सीएमपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि गोरखपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग करने वालों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है।
Tags
jabalpur


