Jabalpur News: महिला से 7 लाख का सोने का हार लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। माढोताल थाना क्षेत्र में महिला से सोने का रानी हार लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 तोला वजनी सोने का रानी हार, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

माढोताल थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 196/26 के अनुसार यादव कॉलोनी लार्डगंज निवासी मीना सोनी (53) ने 9 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि भोपाल में पारिवारिक शादी समारोह से लौटने के बाद वह बस से जबलपुर पहुंचीं और अपने परिजनों के साथ बजरंग नगर कटंगी रोड स्थित घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनके गले से करीब 5 तोला वजनी सोने का रानी हार झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक भगत सिंह गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।

तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दीनदयाल बस स्टैंड के पास दबिश देकर प्रिंस हल्दकार (21) निवासी न्यू कंचनपुर अधारताल एवं तनिष्क कोरी (20) निवासी कंचनपुर अधारताल को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर मोटरसाइकिल के टूल बॉक्स में छिपाकर रखा गया सोने का रानी हार बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया हार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड क्यू 9134 जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार, उप निरीक्षक संजय सिंह, सहायक उप निरीक्षक विजय शुक्ला, आरक्षक सचिन मेहरा, विनय सिंह, निकेश कुमार, कुनाल यादव सहित साइबर सेल और साइबर हेल्प डेस्क के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post