दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर सिमरिया-रैगंवा गांव में खेत के पास मिले युवती के शव की पहचान गढ़ा क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय तनु के रूप में हुई है। युवती 14 फरवरी की रात घर से बिना बताए निकली थी और इसके बाद से लापता थी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
पुलिस द्वारा अज्ञात शव मिलने की सूचना और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई थीं। बुधवार को युवती के माता-पिता ने फोटो देखकर संदेह जताया और थाने पहुंचे। बाद में मरचुरी में कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर उन्होंने शव की पुष्टि अपनी बेटी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
प्रेमी से मिलने घर से निकली थी युवती
परिजनों के अनुसार, युवती का तिलवारा क्षेत्र निवासी ईशु नामक युवक से प्रेम संबंध था और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी। बताया जा रहा है कि युवती शादी के इरादे से घर से निकली थी। युवती ने अपने हाथों पर मेहंदी से ‘ईशु-तनु’ भी लिख रखा था, जिससे उनके संबंधों की पुष्टि होती है। घटना के बाद से युवक भी लापता बताया जा रहा है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
खेत में मिला था खून से सना शव
रविवार सुबह गांव के लोगों ने खेत के पास खून से सना शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। युवती लहंगा और चुन्नी पहने हुई थी तथा पास में उसकी सफेद चप्पल भी मिली।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा के अनुसार युवती के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि पत्थर से हमला कर हत्या की गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Tags
jabalpur


