दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के भेड़ाघाट इलाके में आयोजित सुहागलों कार्यक्रम में प्रसाद के रूप में बांटी गई मिठाई लोगों के लिए जानलेवा साबित हो गई। राजस्थान बीकानेर स्वीट्स से खरीदी गई मिठाई खाने के बाद 19 लोगों की हालत बिगड़ गई, जिनमें महिलाएं, बच्चे और युवक शामिल हैं। सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है।
त्रिपुर सुंदरी मंदिर में हुआ था कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, भेड़ाघाट स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर में महिलाओं द्वारा सुहागलों का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान राजस्थान बीकानेर स्वीट्स से करीब 4 किलो मिठाई खरीदी गई और प्रसाद के रूप में वितरित की गई। मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद महिलाओं, बच्चों और दो युवकों को अचानक उल्टी, चक्कर और बेहोशी की शिकायत होने लगी।
जिला अस्पताल, गोटेगांव और नागपुर में चल रहा इलाज
घटना के बाद सभी बीमार लोगों को तत्काल जबलपुर जिला अस्पताल, गोटेगांव अस्पताल और कुछ को नागपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में 8 लोगों का इलाज जारी है।
भेड़ाघाट चौराहा निवासी आरती पटेल ने बताया कि उनके पति ने प्रसाद में मिठाई खाई थी, जिसके बाद उन्हें तेज चक्कर आया और वे गिर पड़े। गिरने से सिर में गंभीर चोट लगी और वे कोमा में चले गए। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें नागपुर रेफर किया गया है।
बच्चों की हालत पर डॉक्टरों की नजर
बताया जा रहा है कि दो बच्चों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है और उन्हें तेज चक्कर आने की शिकायत है। डॉक्टरों की टीम लगातार सभी मरीजों की निगरानी कर रही है और उपचार जारी है।
प्रशासन और खाद्य विभाग जांच में जुटा
फूड प्वाइजनिंग की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से पूछताछ की और मिठाई के सैंपल जांच के लिए लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग मिठाई की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
Tags
jabalpur
