दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर/जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में जबलपुर (मध्य प्रदेश) के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव गाड़ी में बुरी तरह फंस गए।
ड्राइवर को झपकी बनी हादसे की वजह
चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण कार ट्रेलर में जा टकराई। टक्कर के बाद मौके पर ही महिला सहित चार लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जबलपुर के थे सभी मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों में रेशमा श्रीवास्तव (55), पीयूष राय, रजक राहुल, ड्राइवर अनुराग (25) और शानू शामिल हैं। सभी जबलपुर निवासी थे। रजक राहुल जबलपुर सिटी के खेरमाई मंदिर क्षेत्र का रहने वाला था।
महाकाल दर्शन के बाद खाटूश्याम जा रहे थे
जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु 12 फरवरी को उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर महादेव के दर्शन के लिए निकले थे। 13 फरवरी को दर्शन के बाद वे खाटूश्यामजी (सीकर) के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान जयपुर के चाकसू इलाके में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हाईवे पर लगा जाम, क्रेन से हटाए गए वाहन
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। सभी शवों को चाकसू उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही जबलपुर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन जयपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि मृतका रेशमा श्रीवास्तव की बेटी को अभी तक मां के निधन की पूरी जानकारी नहीं दी गई है।
Tags
jabalpur
.jpeg)

.jpeg)
