रात 2 बजे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: MP में 11 IAS और 4 राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के ट्रांसफर, स्वास्थ्य और जनसंपर्क में अहम बदलाव

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश में शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य सरकार ने 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्वास्थ्य, जनसंपर्क, आबकारी और कृषि समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नई नियुक्तियां की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग की कमान अशोक वर्णवाल को

अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव को उनकी जगह पदस्थ किया गया है। इस बदलाव को स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

मनीष सिंह फिर बने जनसंपर्क आयुक्त

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनीष सिंह को एक बार फिर जनसंपर्क विभाग की कमान सौंपी गई है। वे जनसंपर्क आयुक्त के साथ-साथ परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
वहीं, जनसंपर्क आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को आबकारी आयुक्त बनाया गया है।
दो साल से आबकारी आयुक्त रहे अभिजीत अग्रवाल को हटाकर उन्हें प्रबंध संचालक, राज्य सहकारी विपणन संघ की जिम्मेदारी दी गई है।

ऊर्जा और कृषि विभाग में भी बदलाव

2009 बैच के आईएएस अजय गुप्ता को संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास से हटाकर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जबलपुर का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
वहीं, 2011 बैच के उमाशंकर भार्गव को राजभवन से वापस बुलाकर किसान कल्याण एवं कृषि विकास का संचालक नियुक्त किया गया है।

भिंड जिला पंचायत के सीईओ सुनील दुबे को राज्यपाल का उप सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की उप सचिव संघमित्रा गौतम को जिला पंचायत आलीराजपुर का सीईओ नियुक्त किया गया है। आगर मालवा जिला पंचायत की सीईओ नंदा भलावे कुशरे को राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में अपर परियोजना संचालक बनाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव कमल सोलंकी को रायसेन जिला पंचायत का सीईओ बनाया गया है।

4 राज्य प्रशासनिक अधिकारियों के भी ट्रांसफर

राज्य प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। भुरला सिंह सोलंकी को जिला पंचायत आगर मालवा, मिलिंद कुमार नागदेवे को जिला पंचायत खरगोन, वीर सिंह चौहान को जिला पंचायत भिंड में सीईओ बनाया गया है। वहीं, राकेश शर्मा को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में मुख्य महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post