दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत ग्राम भीटा-जैतपुरी क्षेत्र में बुधवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मेले में जलेबी खाने को लेकर हुए पुराने विवाद की रंजिश में एक युवक की सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले गांव में लगे मेले में जलेबी खाने की बात को लेकर साजन झरिया और कृष्णा उइके के बीच कहासुनी हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उस समय विवाद तो शांत हो गया था, लेकिन आरोपी साजन ने इस बात को लेकर मन में रंजिश पाल ली थी।
बुधवार रात जब कृष्णा उइके मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में साजन झरिया ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच पहले बहस हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि साजन ने अचानक चाकू निकालकर कृष्णा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कृष्णा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। उसे इलाज के लिए विक्टोरिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और गोराबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
