Jabalpur News: विजयनगर में चाट के ठेले पर चले चाकू, संचालक घायल; आरोपी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना विजयनगर क्षेत्र में देर रात चाट ठेले पर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस मामले में सुरेश केसरवानी (40 वर्ष) निवासी ग्रीन सिटी रोड, कृष्णा कॉलोनी, माढ़ोताल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह इंडियन कॉफी हाउस के सामने चाट का ठेला लगाता है। बीती रात करीब 10:15 बजे वह अपने ठेले पर चाट बना रहा था। 

इसी दौरान पंकज नामक युवक ने उससे जल्दी चाट बनाने को कहा। सुरेश पंकज के लिए चाट बनाने लगा, तभी पंकज गाली-गलौज करने लगा और बोला कि चाट बाद में बनाना, जितना भी पैसा हो दे दो। जब सुरेश ने पैसे देने से मना किया तो पंकज ने अचानक चाकू से हमला कर उसकी कमर में चोट पहुंचा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। 

घटना के बाद घायल सुरेश को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में थाना विजयनगर पुलिस ने आरोपी पंकज के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1), 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post