Jabalpur News: बीच सड़क पर किन्नर की पिटाई, रिंग रोड पर ‘असली किन्नरों’ ने घेरकर पीटा, कपड़े फाड़े


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर में गुरुवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब मदन महल थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर कुछ किन्नरों ने एक युवक को नकली किन्नर बताकर सरेआम पीट दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई है।

जानकारी के मुताबिक असली किन्नरों को सूचना मिली थी कि उनके इलाके में एक युवक वेशभूषा बदलकर किन्नर बनकर लोगों से पैसे मांग रहा है। इसी सूचना के आधार पर वे कार से मौके पर पहुंचे, जहां युवक घूम रहा था।

जैसे ही किन्नरों की टोली वहां पहुंची, उन्होंने युवक को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। व्यस्त रिंग रोड पर यह सब होता रहा और तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। मारपीट के दौरान युवक के कपड़े तक फाड़ दिए गए।

मारपीट के बाद किन्नरों ने युवक को जबरन अपनी कार में बैठाया और मौके से ले गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

इस मामले में मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि किन्नरों के बीच मारपीट की कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। यदि कोई पक्ष थाने में रिपोर्ट दर्ज कराता है, तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post