Jabalpur News: कलेक्ट्रेट के सामने अधिवक्ता से मोबाइल लूट, CCTV में कैद हुआ बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर के सामने दिनदहाड़े मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश एक अधिवक्ता का मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी की तस्वीर साफ नजर आ रही है।

पीड़ित अधिवक्ता अमित शर्मा (51) ने ओमती थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 फरवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे वे कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 के सामने अपने एक अधिवक्ता मित्र से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर तेजी से घंटाघर की ओर फरार हो गया। उन्होंने एक राहगीर की मोटरसाइकिल से बदमाश का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सका।

घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

इधर, इस घटना को लेकर कलेक्ट्रेट बार सचिव एडवोकेट यशवंत दुबे ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 से कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार जैसे वरिष्ठ अधिकारी आते-जाते हैं। यदि ऐसे इलाके में अधिवक्ता सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पास में ही हाईकोर्ट और कई बड़े सरकारी कार्यालय हैं, इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यदि कोई बेखौफ होकर यहां मोबाइल लूट सकता है तो भविष्य में बड़ी वारदात से भी इनकार नहीं किया जा सकता। बार एसोसिएशन ने प्रशासन से कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post