दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच एवं थाना हनुमानताल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्टल और कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कलारी दुकान के पास रहने वाला रोहित चौधरी अपने कमर में देशी पिस्टल खोसे हुए बाबाटोला क्षेत्र में सुरेश जाटव के मकान के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और थाना हनुमानताल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
बाबाटोला में सुरेश जाटव के मकान के आंगन के पास मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का युवक खड़ा मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित चौधरी पिता अच्छेलाल चौधरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी सिंधी कैंप, कलारी के पास, हनुमानताल बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन चेक करने पर उसमें एक कारतूस लोड मिला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक कारतूस जप्त करते हुए उसके विरुद्ध धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से यह पूछताछ की जा रही है कि उसने अवैध हथियार कहां से और कैसे प्राप्त किया।
इस कार्रवाई में आरोपी को अवैध फायर आर्म्स सहित पकड़ने में प्रधान आरक्षक सैयद शबीह हुसैन रिजवी, सादिक अली, आरक्षक ब्रजेश तथा थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक नरेश पासी, प्रधान आरक्षक राजेश पांडे, रूस्तम अली, अखिलेश पांडे और आरक्षक गोविन्द राय की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
