युमनाम खेमचंद सिंह होंगे मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/इम्फाल। भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार को दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। अब वे राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को होने की संभावना है। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग, संबित पात्रा और मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह मौजूद रहे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, कुकी-जो समुदाय को संतुलित प्रतिनिधित्व देने के लिए 10 कुकी विधायकों में से एक को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। मणिपुर से एनडीए के लगभग 20 विधायक रविवार रात दिल्ली पहुंचे थे, जबकि अन्य विधायक सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राजधानी आए।

एन. बीरेन सिंह के 9 फरवरी 2025 को इस्तीफे के बाद 13 फरवरी 2025 से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू हुआ था, जो 12 फरवरी 2026 को समाप्त हो रहा है। भाजपा की कोशिश है कि इस समयसीमा से पहले नई सरकार का गठन कर लिया जाए, क्योंकि राज्य में पार्टी का कार्यकाल 2027 तक है।

युमनाम खेमचंद सिंह पारंपरिक ताइक्वांडो में 5th डैन ब्लैक बेल्ट हासिल करने वाले भारतीय भी हैं। उन्हें यह प्रमाणपत्र 30 दिसंबर 2025 को दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में ग्लोबल ट्रेडिशनल ताइक्वांडो फेडरेशन के कार्यालय में प्रदान किया गया था। ताइक्वांडो में ब्लैक बेल्ट के बाद की रैंक को ‘डैन’ कहा जाता है।

मणिपुर में मई 2023 से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हिंसा जारी रही है, जिसमें अब तक करीब 260 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं। हिंसा के प्रमुख कारणों में मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग, कुकी समुदाय की अलग प्रशासनिक व्यवस्था की मांग और ड्रग्स तस्करी को लेकर आपसी आरोप शामिल हैं।

वर्तमान में 60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में भाजपा के 37 विधायक हैं। 2022 के चुनाव में भाजपा को 32 सीटें मिली थीं, जबकि बाद में जद(यू) के 5 विधायक पार्टी में शामिल हो गए। अन्य दलों में एनपीएफ के 5, कांग्रेस के 5, केपीए के 2, जद(यू) का 1 विधायक और 3 निर्दलीय शामिल हैं, जबकि एक सीट रिक्त है।

Post a Comment

Previous Post Next Post