दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। गोल्ड और सिल्वर मार्केट में लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद 3 फरवरी को तेज रिकवरी देखने को मिली। वायदा बाजार (MCX) में चांदी की कीमत करीब ₹32 हजार यानी लगभग 13% बढ़कर ₹2.68 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पहले बीते तीन कारोबारी दिनों में चांदी की कीमत करीब ₹1.60 लाख गिर चुकी थी और यह ₹4 लाख के स्तर से फिसलकर ₹2.40 लाख के आसपास आ गई थी।
सोने की कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। MCX पर 10 ग्राम सोना करीब ₹8 हजार यानी 5% बढ़कर ₹1.52 लाख पर पहुंच गया। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में करीब ₹26 हजार की गिरावट आई थी।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सर्राफा बाजार में चांदी ₹4,465 की बढ़त के साथ ₹2,63,965 प्रति किलो पर पहुंच गई, जबकि 24 कैरेट सोने का भाव ₹2,783 बढ़कर ₹1,51,529 प्रति 10 ग्राम हो गया। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे पहले मुनाफा वसूली के चलते सोने-चांदी की कीमतों में लगातार दबाव बना हुआ था।
MCX और सर्राफा बाजार में कीमतों में अंतर इसलिए रहता है क्योंकि MCX एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है, जहां सेकेंड-दर-सेकेंड बोली के आधार पर दाम बदलते रहते हैं, जबकि सर्राफा बाजार में फिजिकल सोना-चांदी की खरीद-बिक्री होती है, जिसमें ट्रांसपोर्ट और स्टोरेज जैसे खर्च भी शामिल होते हैं।
बीते दिनों कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह रिकॉर्ड स्तर के बाद निवेशकों द्वारा प्रॉफिट बुकिंग और फिजिकल डिमांड में आई कमजोरी रही। इसके अलावा औद्योगिक उपयोग को लेकर बढ़ी चिंताओं ने भी बाजार पर असर डाला।
सेबी रजिस्टर्ड कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (CME) ने कॉपर के बाद अब सोने और चांदी पर भी मार्जिन मनी बढ़ा दी है। सोने पर मार्जिन 6% से बढ़ाकर 8% और चांदी पर 11% से बढ़ाकर 15% कर दिया गया है। मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स को ज्यादा पैसा लगाना पड़ता है, जिससे कई बार मजबूरी में बिकवाली होती है और कीमतों पर दबाव बनता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और निवेशकों को सतर्कता के साथ बाजार पर नजर रखने की जरूरत है।
Tags
national
