दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना संजीवनी नगर पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बहनदन पुल के पास सर्विस रोड पर पिस्टल लेकर किसी अपराध की नीयत से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज पुरी गोस्वामी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम भुआ बिछिया, जिला मंडला बताया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से एक देशी पिस्टल, जिसकी मैगजीन में एक कारतूस लोड था, तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पिस्टल और कारतूस की प्राप्ति के संबंध में पूछताछ जारी है।
आरोपी को अवैध हथियार सहित पकड़ने में चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी, सहायक उप निरीक्षक अजय झारिया, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक, आरक्षक रजनीश एवं वीरेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।
