दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के ओमती थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी एमजी मोटर कार ने सड़क पर आतंक मचा दिया। रात करीब 11:50 बजे भंवरताल गार्डन से शुरू हुआ हिट एंड रन का सिलसिला रसल चौक तक चलता रहा। इस दौरान कार ने राहगीरों, एक पुलिस कर्मचारी और कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बेहद तेज रफ्तार में थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था, इसके बावजूद उसने रफ्तार कम नहीं की। रास्ते में एक युवती, स्कूटर सवार और अन्य राहगीरों को टक्कर मारते हुए कार आगे बढ़ती रही।
इनकम टैक्स क्षेत्र में मची भारी तबाही
इनकम टैक्स कार्यालय के पास मुन्ना पान के सामने कार ने एक गैस सिलेंडर लदे वाहन को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी 3 कारों और 3 से 4 मोटरसाइकिलों को क्षतिग्रस्त कर दिया। एक कार तो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। तेज रफ्तार कार जब एक रोटरी से टकराई तो चिंगारी तक निकल पड़ी।
कार का खौफनाक सफर तब थमा, जब वह मिंट पार्क की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
14 साल का बच्चा भी गंभीर घायल
हादसे में साहिल नामक युवक, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आदित्य और 14 साल का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार की रफ्तार साफ दिखाई दे रही है।
पुलिस बोली- CCTV फुटेज खंगाल रहे
सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का सामने आया है। उन्होंने कहा, “सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कार चालक भी घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Tags
jabalpur


