MP News: ट्रक ने बाइक को कुचला, सास-बहू और नातिन की मौत; ड्राइवर फरार, गुस्साए लोगों ने नेशनल हाईवे-44 पर लगाया जाम

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुरैना। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार शाम करीब साढ़े 5 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सास, बहू और दो साल की नातिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक ट्रक (RJ11 GD 3487) धौलपुर से मुरैना की ओर आ रहा था। वहीं हिंगोना गांव से मुरैना जा रहे रामबरन जाटव अपनी पत्नी रामरती, बहू पूनम और नातिन काव्या के साथ बाइक से निकले थे। दाल मिल के पास ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से रामबरन दूर जा गिरा, जबकि उनकी पत्नी, बहू और नातिन ट्रक की चपेट में आ गईं और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रामरती (45), पूनम (25) और काव्या (2) के रूप में हुई है। घायल रामबरन जाटव (46) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे से आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और आरोपी चालक को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे में जाम खुल सका।

सीएसपी दीपाली चन्दौरिया ने बताया कि ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक का पता लगाया जा रहा है और फरार चालक की तलाश जारी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post