दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन द्वारा की जा रही अतिक्रमण हटाने की संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मिंकू अग्रवाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक अमला जब अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी कर रहा था, उसी दौरान मिंकू अग्रवाल को घबराहट हुई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने बरगी थाने का घेराव कर शव को थाने में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन की सख्ती और मानसिक दबाव के कारण यह हादसा हुआ है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Tags
jabalpur
