दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार रात दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जमकर बवाल हो गया। बंधी रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा चालक की पिटाई कर दी और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
धरवारा गांव के थे मृतक युवक
जानकारी के अनुसार, रात करीब 7 बजे बंधी स्टेशन के पास रेलवे फाटक की ओर से आ रहे राजेंद्र कोल (30) और राजा भैया कोल (30) को हाइवा (PB10HN2438) ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों युवक धरवारा गांव के निवासी थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
डायल-112 पर पथराव, पुलिसकर्मी घायल
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पहले हाइवा चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद जब डायल-112 वाहन मौके पर पहुंचा तो भीड़ ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में वाहन में सवार दो पुलिसकर्मी और पायलट घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
भारी पुलिस बल ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश सुमन और माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।
हाइवा जब्त, चालक हिरासत में
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि हाइवा को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पथराव की घटना में दो पुलिसकर्मी और वाहन पायलट घायल हुए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में देर रात तक पुलिस बल तैनात रखा गया है।
Tags
madhya pradesh
