दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नामीबिया को 93 रन से हरा दिया। यह टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार दूसरा मुकाबला जीता और ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 61 रन की शानदार पारी खेली, जबकि हार्दिक पंड्या ने 52 रन बनाए। नामीबिया की ओर से कप्तान जेरार्ड इरासमस ने 4 विकेट झटके। भारत ने आखिरी ओवरों में 5 विकेट गंवाए, लेकिन बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 3 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट चटकाए। नामीबिया के लिए लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 52 रन बनाने के साथ 2 विकेट भी हासिल किए।
Tags
national
