Jabalpur News: बीच सड़क कॉन्स्टेबल से मारपीट, कॉलर पकड़कर गालियां दीं, चप्पल से पीटा; जबलपुर में दो युवक हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त हंगामा मच गया, जब दो युवकों ने बीच सड़क एक पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने कॉन्स्टेबल की कॉलर पकड़कर गालियां दीं और चप्पलों से पीटा। घटना सिविक सेंटर के पास हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। मारपीट के दौरान सड़क पर भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर ओमती थाने का स्टाफ मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को थाने ले गया।

सीएसपी रितेश कुमार शिव ने बताया कि पीड़ित कॉन्स्टेबल का नाम रंजीत कौरव है, जो न्यायालय में तैनात हैं। आरोपी युवक कोर्ट में काम करने वाली एक महिला के परिजन हैं। महिला और कॉन्स्टेबल किसी कार्य के सिलसिले में एक ही स्थान पर मौजूद थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

मारपीट करने वाले दोनों युवक सिवनी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post