दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। ग्वालियर जिले के मोहना थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटा गया सोने का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपियों ने अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी की दोपहर रामपुरी बाई धाकड़ नाम की बुजुर्ग महिला अपने घर से पार्वती नदी के पास खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पटवारी के कोटरा के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर उनके कान के सोने के बाले और गले का मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने मोहना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
मोहना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर गिरवाई इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्की कुशवाह और सूरज दिवाकर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। मोहना की घटना से पहले उन्होंने श्योपुर में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा मोहना की घटना के बाद शिवपुरी जिले में भी दो अन्य लूट की घटनाएं की थीं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बुजुर्ग महिला से लूटा गया मंगलसूत्र और सोने के बाले बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
Tags
madhya pradesh
