दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानीताल भाजपा कार्यालय के समीप झाड़ियों में रक्तरंजित मिली युवती के हत्याकांड में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मामले के संदिग्ध युवक की लाश माढ़ोताल तालाब के किनारे एक पेड़ से फंदे पर लटकती मिली। मृत युवक के दोनों हाथ बंधे हुए पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है।
सुबह टहलने वालों ने देखा शव, मचा हड़कंप
तालाब की मेढ़ पर लगे पेड़ से लटकती लाश को सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने देखा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
युवती हत्याकांड का संदिग्ध था मृतक
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अंकित बर्मन, निवासी मंजू पथ दीक्षितपुरा के रूप में हुई है। वह करीब पांच दिन पहले रांझी निवासी युवती की हत्या के मामले में संदेही था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
मोबाइल और CCTV खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर जानकारी जुटाई है। पुलिस अंकित के मोबाइल फोन की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि अंकित पिछले कुछ समय से घर नहीं गया था। उसके साथ रहने वाले एक युवक को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुलाया है।
