Jabalpur News: अब नहीं बख्शे जाएंगे अतिक्रमणकारी, सड़क पर उतरे कलेक्टर, निगमायुक्त और एसपी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और अतिक्रमण हटाकर आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और एसपी सम्पत उपाध्याय स्वयं सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा ले रहे हैं। तीनों अधिकारियों ने गोरखपुर क्षेत्र में करीब एक घंटे तक पैदल निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति को परखा।

अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर मकान और दुकान बढ़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। स्पष्ट कहा गया कि अब अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाएगा। संबंधित अमले को निर्देशित किया गया कि चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाकर अतिक्रमणों को तोड़ा जाए।

पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर


गौरीघाट क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर भी अधिकारियों ने नाराजगी जताई। उन्होंने यहां पार्किंग को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

पैदल निरीक्षण से जमीनी हकीकत परखी

कलेक्टर, निगमायुक्त और एसपी ने पैदल चलकर सड़कों की स्थिति, यातायात दबाव और अतिक्रमण के कारण हो रही समस्याओं को करीब से देखा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।

यातायात सुधार के लिए संयुक्त अभियान


प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नगर निगम, पुलिस और जिला प्रशासन मिलकर अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएंगे। इसका उद्देश्य शहर को जाम से मुक्त करना और यातायात को सुचारू बनाना है।

अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई


एसपी सम्पत उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post