दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से अजमेर जा रही गाड़ी संख्या 12181 दयोदय एक्सप्रेस में गुरुवार 5 मार्च को एक टीटीई द्वारा यात्री को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद ट्रेन में हंगामा मच गया, वहीं इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जनरल कोच में चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना ट्रेन के जनरल कोच में उस समय हुई जब टीटीई टिकट जांच कर रहे थे। चेकिंग के दौरान दो यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए।
टीटीई ने दोनों से नियमानुसार जुर्माना भरने को कहा, लेकिन यात्री जुर्माने के बजाय टीटीई को 200 रुपए देकर मामला खत्म करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई।
आवेश में आकर टीटीई ने जड़ दिया थप्पड़
बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने पर टीटीई ने आवेश में आकर एक यात्री को जोरदार थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद यात्रियों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेलवे अधिकारियों से की गई शिकायत
घटना के बाद यात्रियों ने इस दुर्व्यवहार की शिकायत कोटा मंडल के रेलवे अधिकारियों से की। वायरल वीडियो में यात्री टीटीई को 200 रुपए देते हुए नजर आ रहे हैं, जिसके बाद टीटीई उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई देते हैं।
रेलवे ने शुरू की विभागीय कार्रवाई
कोटा मंडल रेल प्रशासन ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्री बिना टिकट यात्रा कर रहे थे और जुर्माने के बजाय रिश्वत देने की कोशिश कर रहे थे।
हालांकि रेलवे का कहना है कि किसी भी कर्मचारी द्वारा यात्री पर हाथ उठाना सेवा नियमों के खिलाफ है, इसलिए संबंधित टीटीई के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Tags
jabalpur
