दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के आजादनगर सूपाताल में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आजादनगर सूपाताल निवासी राकेश मेहरा (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात करीब 8:45 बजे उसकी मां देवकी झारिया ने फोन पर बताया कि मोहल्ले के पूरन पगारे और उसके दोनों दामाद घर आकर गाली-गलौज कर रहे हैं।
राकेश जब काम से वापस घर लौट रहा था और रात करीब 10:30 बजे आजादनगर पहाड़ी के पास पहुंचा, तभी उसे पूरन पगारे और उसके दोनों दामाद मिल गए। राकेश ने गाली-गलौज के बारे में पूछा तो तीनों उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि पूरन पगारे ने हथौड़े से हमला कर राकेश के सिर में चोट पहुंचा दी।
बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां देवकी झारिया और बहन रश्मि झारिया के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि पूरन के छोटे दामाद ने लोहे की वस्तु से हमला कर रश्मि के सिर और देवकी की आंख के ऊपर चोट पहुंचा दी।
वहीं दूसरे पक्ष से पूरन पगारे (50) ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दो दिन पहले मोटरसाइकिल आगे-पीछे करने की बात को लेकर उसका राकेश मेहरा से विवाद हुआ था। बीती रात वह अपने दामाद सोनू बनाफर और हुकुम चौधरी को घर पर खाने के लिए बुलाया था।
पूरन के अनुसार रात करीब 10:30 बजे राकेश मेहरा अपने साथी अरविंद के साथ घर के सामने आकर गाली-गलौज करने लगा। मना करने पर राकेश ने मारपीट शुरू कर दी और अरविंद ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को डंडे से तोड़ दिया।
पूरन का आरोप है कि राकेश के पिता भरत मेहरा और मोहल्ले का अब्बू ठाकुर भी मौके पर आकर मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने आए दामाद सोनू बनाफर को राकेश ने लोहे की वस्तु से हमला कर घायल कर दिया, जबकि बेटी प्रभा को भरत ने डंडे से मारकर हाथ में चोट पहुंचाई।
Tags
jabalpur
