दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के आधारताल स्थित लिटिल किंगडम स्कूल में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब 10वीं कक्षा के छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन में कथित रूप से भेदभावपूर्ण अंक दिए जाने का मामला सामने आया है।
अभिभावकों का आरोप है कि जिन छात्रों ने स्कूल द्वारा आयोजित गोवा ट्रिप में भाग नहीं लिया, उन्हें 20 में से केवल 10 अंक दिए गए, जबकि ट्रिप में शामिल होने वाले छात्रों को पूर्ण 20/20 अंक प्रदान किए गए। इस भेदभावपूर्ण रवैये से नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
मामले की जानकारी मिलते ही पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता एवं सदस्य अमित पलिया मौके पर पहुंचे और अन्य अभिभावकों के साथ मिलकर स्कूल प्रबंधन से चर्चा कर आपत्ति दर्ज कराई। इस पूरे प्रकरण के सामने आने के बाद पेरेंट्स एसोसिएशन ने गोवा ट्रिप को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
एसोसिएशन का कहना है कि इतने कम उम्र के बच्चों को स्कूल द्वारा बाहरी राज्य के टूर पर ले जाना क्या प्रशासनिक अनुमति के तहत हुआ था, यह स्पष्ट किया जाना आवश्यक है। साथ ही यह भी सवाल उठाया गया कि क्या ऐसे टूर विद्यार्थियों के लिए वास्तव में उचित और सुरक्षित हैं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश दी। अभिभावकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय को तुरंत सुधारा जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
