दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन के दौरान विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसे चौकी ले जाकर डंडे और बेल्ट से पीटा गया, जबकि पुलिस ने इसे हल्का बल प्रयोग बताया है।
लाइन में लगे युवक से विवाद, फिर बढ़ा मामला
गोरखपुर थाना क्षेत्र के कांचघर निवासी गौरव महरोलिया (33) गुरुवार सुबह अमरनाथ यात्रा के रजिस्ट्रेशन के लिए पंजाब नेशनल बैंक पहुंचा था। वह सुबह 6 बजे से लाइन में लगा था।
सुबह करीब 10:30 बजे बैंक खुलने पर अचानक भीड़ बढ़ गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान गौरव और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच विवाद हो गया।
युवक का आरोप: गला पकड़ा, थप्पड़ मारे, चौकी में पीटा
गौरव का आरोप है कि मौके पर मौजूद कॉन्स्टेबल योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा ने उसे पीछे धकेला। विरोध करने पर उसका गला पकड़ा गया और थप्पड़ मारे गए। इसके बाद उसे रामपुर पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां करीब आधे घंटे तक बेल्ट और डंडों से पिटाई की गई। युवक ने शरीर पर चोटों के निशान भी दिखाए हैं। उसका यह भी कहना है कि छोड़ते समय उसे धमकी दी गई कि अगर उसने शिकायत की तो अंजाम भुगतना पड़ेगा।
थाने में शिकायत पर भी आनाकानी का आरोप
गौरव के मुताबिक, वह शाम को गोरखपुर थाने पहुंचा और लिखित शिकायत दी, लेकिन वहां भी पुलिसकर्मियों ने आवेदन लेने में आनाकानी की। उसने आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी गई।
“हल्का बल प्रयोग किया गया” : पुलिस
मामले में गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल का कहना है कि युवक बैंक में उपद्रव कर रहा था। समझाने के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया था।
एसपी ने जांच का दिया आश्वासन
इस पूरे मामले में एसपी संपत उपाध्याय ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं। श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।यह यात्रा इस साल 57 दिनों तक चलेगी और 3 जुलाई से शुरू होने की संभावना है।
Tags
jabalpur


