दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने लोक निर्माण विभाग के रिटायर्ड एसडीओ महेंद्र नागवंशी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उनके पास 5.47 करोड़ रुपए की अनुपातहीन संपत्ति मिलने का खुलासा हुआ है।
ईओडब्ल्यू एसपी अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में गुरुवार को छिंदवाड़ा के आदर्श नगर, परासिया रोड स्थित नागवंशी के निवास पर सर्चिंग कार्रवाई की गई। इस दौरान टीम को नकदी, आभूषण, वाहन और अन्य संपत्तियों के रूप में बड़ी मात्रा में संपत्ति मिली।
तलाशी के दौरान करीब 40 लाख रुपए मूल्य का मकान, 91,500 रुपए नकद और लगभग 24 लाख रुपए का घरेलू सामान मिला। इसके अलावा 22 बीमा पॉलिसियों में करीब 20 लाख रुपए का निवेश पाया गया। टीम को 187 ग्राम सोने और लगभग 1 किलोग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद हुए।
सर्चिंग में 13 लाख रुपए मूल्य की एक दुकान, तीन चारपहिया वाहन (करीब 20 लाख रुपए) और तीन दोपहिया वाहन (करीब 2.10 लाख रुपए) भी सामने आए। इसके साथ ही महेंद्र नागवंशी के 8 और उनकी पत्नी सीमा नागवंशी के 10 बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
ईओडब्ल्यू ने शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
Tags
jabalpur
