दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 25 अप्रैल की रात 9 बजे से 26 अप्रैल तड़के 2 बजे तक शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर दबिश दी गई, जिसमें कुल 263 वारंट तामील किए गए।
इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, सूर्यकांत शर्मा एवं अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। सभी थाना प्रभारियों, एसडीओपी और पुलिस अधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्षों से फरार आरोपी दबोचे गए
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देते हुए 131 गैर-मियादी वारंट, 77 गिरफ्तारी वारंट और 55 जमानती वारंट तामील किए। इनमें कई आरोपी ऐसे थे जो वर्षों से फरार चल रहे थे और लगातार पुलिस से बचते फिर रहे थे।
टीम बनाकर की गई सुनियोजित कार्रवाई
अभियान के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं, जिनका नेतृत्व थाना प्रभारी, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। इन टीमों ने शहर और देहात क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की।
संदिग्धों और वाहनों की भी जांच
कॉम्बिंग गश्त के दौरान सक्रिय बदमाशों की चेकिंग के साथ देर रात घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच भी की गई।
Tags
jabalpur


