MP News: क्रिकेट विवाद में युवक पर चाकू से हमला, खराब सड़कों के कारण देर से पहुंची पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के चंदन नगर इलाके में शनिवार देर रात क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस के मुताबिक, चंदूवाला रोड पर कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और सोहेल नाम के युवक ने फरहान पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल फरहान को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की दो एफआरवी मौके के लिए रवाना हुईं। थाना प्रभारी तिलक करोले भी टीम के साथ पहुंचे, लेकिन क्षेत्र में पाइपलाइन कार्य के चलते खुदी सड़कों के कारण पुलिस वाहन बीच रास्ते में ही फंस गया। इसके बावजूद पुलिस ने मौके तक पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ की स्थिति बन गई। पुलिस ने समझाइश देकर लोगों को शांत कराया और स्थिति पर काबू पाया।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही कि विवाद क्षेत्र के नेता रफीक खान के यहां चल रहे कव्वाली कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस एंगल से इनकार करते हुए इसे महज आपसी विवाद बताया है।

फिलहाल पुलिस ने घायल फरहान की शिकायत पर आरोपी सोहेल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post