दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के नहारकोला में जीजा-साले की हत्या और पुलिस आरक्षक पर जानलेवा हमला करने वाले 20 हजार के इनामी आरोपी लोकेश कीर को पुलिस ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 8 दिनों से नर्मदापुरम-हरदा सीमा से लगे घने जंगल में छिपा हुआ था।
50 जवानों ने जंगल में डाला डेरा, पैदल सर्चिंग
आरोपी की तलाश के लिए एसपी साईंकृष्णा थोटा ने एसआईटी का गठन किया था। एसडीओपी महेंद्र चौहान और वीरेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने लगातार 8 दिनों तक जंगल में डेरा डालकर पैदल सर्चिंग की। शुक्रवार सुबह गंजाल नदी के पास कोलगांव के जंगल में पुलिस ने आरोपी को घेर लिया।
पुलिस को देख भागा, कूदने से टूटा पैर
पुलिस को देखते ही आरोपी लोकेश भागने लगा और बचने के लिए छलांग लगा दी, जिससे उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल होने के कारण वह ज्यादा दूर नहीं भाग सका और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
शादी के मंडप में हुआ था खूनी खेल
19 अप्रैल की रात नहारकोला में शादी समारोह के दौरान खाना खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद लोकेश कीर और उसके पिता अमर सिंह कीर ने तलवार, चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में दौलतराम कीर की मौके पर मौत हो गई, जबकि जयनारायण कीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में 5 अन्य लोग भी घायल हुए थे।
आरक्षक पर किया था जानलेवा हमला
आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर भी उसने हमला किया था। आरक्षक ओमप्रकाश जाट पर चाकू से वार कर वह फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने लोकेश और उसके पिता के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज किए थे। आरोपी का पिता अमर सिंह पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
घायल सिपाही का भोपाल में इलाज जारी
हमले में घायल आरक्षक ओमप्रकाश जाट का भोपाल में इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं, गांव में स्थिति अब सामान्य है और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है।
टीम को मिलेगा 20 हजार का इनाम
एएसपी अभिषेक राजन के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को 20 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। टीम में थाना प्रभारी संजीव पवार, विवेक यादव समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
Tags
madhya pradesh
