MP News: भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, इंदौर में बूंदाबांदी से मिली राहत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को रविवार शाम मौसम बदलने से थोड़ी राहत मिली। दिनभर तेज धूप और तपिश के बाद शहर में अचानक बादल छा गए और कई इलाकों में बूंदाबांदी के साथ कहीं-कहीं रिमझिम बारिश भी हुई।

इससे पहले शनिवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा रहा।

दिन-रात गर्मी से बेहाल रहे लोग

पूरे शहर में गर्मी का असर साफ देखने को मिला। दिन के समय पंखों की हवा भी राहत नहीं दे पा रही थी। सड़कों पर आम दिनों की तुलना में कम आवाजाही रही और लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले।

चौराहों पर रेड सिग्नल के दौरान वाहन चालक छांव की तलाश में खड़े नजर आए। एक मिनट का इंतजार भी लोगों को पसीने से तर कर रहा था। रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को चैन से नींद नहीं मिल सकी।

एक हफ्ते में लगातार बढ़ा तापमान

पिछले एक हफ्ते में शहर का तापमान लगातार बढ़ता रहा। 19 अप्रैल को दिन का तापमान 40.6 डिग्री था, जो 25 अप्रैल तक बढ़कर 42.2 डिग्री पहुंच गया। वहीं, रात का तापमान भी तेजी से बढ़ा और 28 डिग्री के पार चला गया।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगा।

राहत अस्थायी, सतर्क रहने की जरूरत

विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव अस्थायी है। लोगों को अभी भी लू और तेज गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post